क्या प्रेग्नेंट महिलाएं सर्दियों में मक्की की रोटी खा सकती हैं? डॉक्टर से जानें यह फायदेमंद या नुकसानदायक

सर्दियों के मौसम में मक्की की रोटी और सरसों का साग का सेवन तो हम सभी करते हैं। यहां तक कि यह ज्यादातर लोगों के पसंदीदा भोजन के विकल्पों में से एक है। मक्के की रोटी न सिर्फ खाने में बहुत स्वादिष्ट होती है, बल्कि यह ठंड के मौसम में हमें गर्म रखने में भी मदद करती है।

इसके अलवा, यह पोषण से भरपूर होती है। यह शरीर की पोषण की जरूरत को पूरा करने करती है। साथ ही, कई स्वास्थ्य लाभ भी प्रदान करती है।

मक्की की रोटी डाइट्री फाइबर, आयरन, फास्फोरस, जिंक, विटामिन ए, सी जैसे जरूरी पोषक तत्वों के साथ ही यह बीटा कैरोटीन और शक्तिशाली एंटीऑक्सीडेंट्स गुणों से भरपूर होती है। इसलिए ठंड के मौसम में इसका सेवन बहुत फायदेमंद माना जाता है।

लेकिन अक्सर हम देखते हैं सर्दियों में गर्भवती महिलाएं मक्के की रोटी खाने से काफी कतराती हैं। क्योंकि ऐसा माना जाता है कि मक्की की रोटी तासीर गर्म होती है और इसका सेवन प्रेग्नेंसी के दौरान करने से उनके स्वास्थ्य को नुकसान पहुंच सकता है।

लेकिन क्या वाकई ऐसा है? प्रेग्नेंट महिलाएं बहुत बार डॉक्टर से यह सवाल भी पूछती हैं कि उन्हें मक्की की रोटी खानी चाहिए या नहीं?

आपके इन सवालों का जवाब जानने के लिए हमने मानवीज गाइनोलाइफ क्लिनिक, ईस्ट ऑफ कैलाश, दिल्ली की डॉक्टर मानवी मैनी (Consultant Gynaecologist, MBBS,M.S OBGY, Diploma in ART & Reproductive medicine) से बात की। इस लेख में हम आपको इसके बारे में विस्तार से बता रहे हैं.

क्या प्रेग्नेंसी में मक्की की रोटी खा सकते हैं- Can We Eat Makki Ki Roti During Pregnancy In Hindi

डॉ. मानवी के अनुसार, “प्रेग्नेंट महिलाएं सर्दियों में मक्की की रोटी का मजा ले सकती हैं। सीमित मात्रा में मक्की की रोटी खाने से उनके स्वास्थ्य को कोई नुकसान नहीं पहुंचता है। लेकिन ध्यान रखें कि 1-2 रोटी से अधिक खाने से बचें।

अगर आप सीमित मात्रा में और सही तरीके से मक्की की रोटी को डाइट में शामिल करें, तो गर्भवती महिलाओं को कई फायदे भी मिलेंगे। यह प्रेग्नेंसी के दौरान कई लक्षणों को कम करने में मदद करती है।”

प्रेग्नेंसी में मक्की की रोटी खाने के फायदे- Makki Ki Roti Benefits In Pregnancy In Hindi

डॉ. मानवी की मानें तो मक्की की रोटी पोषण से भरपूर होती है और यह सर्दियों में गर्भवती महिलाओं के लिए एक स्वस्थ विकल्प है। प्रेग्नेंसी के दौरान मक्की की रोटी खाने से कई फायदे मिल सकते हैं जैसे,

इसमें फाइबर की मात्रा अधिक होती है, जिससे यह कब्ज से राहत प्रदान करने और बाउल मूवमेंट में सुधार करने में मदद करती है।

मक्की की रोटी फोलेट फोलेट या फोलिक एसिड का अच्छा स्रोत है। यह प्रेग्नेंट महिलाओं के लिए बहुत जरूरी पोषक तत्व है। यह गर्भ में पल रहे बच्चे को न्यूरल ट्यूब दोष से बचाने में मदद करता है।

मक्की की रोटी आयरन से भी भरपूर है और गर्भावस्था में आयरन की कमी से होने वाले एनीमिया को रोकती है।

यह भी रखें ध्यान

जिन गर्भवती महिलाओं को डायबिटीज है, उन्हें थोड़ी सावधानी से मक्की की रोटी खानी चाहिए, क्योंकि इससे उनका ब्लड शुगर लेवल बढ़ सकता है। इसलिए प्रेग्नेंसी में मक्की की रोटी खाने से पहले एक बार डॉक्टर से सलाह जरूर लेना चाहिए।

Leave a Comment